डंक का शिकारः अमाही तालाब के पास सिद्धबाबा मंदिर पर चल रहे धार्मिक आयोजन के दौरान घटना
अशोकनगर । इन दिनों जिले में मधुमक्खियों के हमले के लगातार मामले सामने आ रहे है। इन घटनाओं में अनेक लोग अब तक घायल हो चुके है। गुरुवार को अमाही तालाब के पास सिद्घबाबा के मंदिर पर एक हवन का आयोजन किया गया था। इस हवन में शामिल होने के लिए आसपास के कई लोग पहुंचे थे। जैसे ही धुंआ होना शुरू हुआ वैसे ही पेड पर लगे छत्ते से मधुमक्खियां उड़ने लगीं। जिसके कारण मधुमक्खियों ने अनेक लोगों को अपने डंकों से शिकार बनाया। जिसके बाद जिला अस्पताल में 5 लोगों को उपचार के लिए लाया गया।
इन मधुमक्खियों की चपेट में आये घायल हुए लोगों में गुरमीत पिता अमरीक सिंह उम्र 40 वर्ष, तनुपाल पिता प्रकाश उम्र 23 साल, परमजीत सिंह सिख पिता अमरीक सिंह उम्र 19 वर्ष, चम्पकोर सिंह पिता जसवीर सिंह तथा एक 5 वर्षीय बालक शामिल है। इन सभी को जिला अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में भर्ती किया गया था। चम्कोर सिंह ने बताया कि जब मंदिर पर हवन चल रहा था उस समय वहां काफी लोग मौजूद थे। लोगों की मौजूदगी के दौरान धुंए के कारण पेड पर लगी मधुमक्खियों के छत्ते से वह उड़ने लगी। देखते ही देखते उन्होंने हवन स्थल पर उपस्थित अनेक लोगों को अपना शिकार बना लिया। मधुमक्खियों के हमले से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है। जिन्होंने अपना उपचार अलग-अलग ढंग से कराया।
पिछले एक माह में जिले में एक दर्जन से अधिक मधुमक्खियों के हमले की घटनाएं हो चुकी है। दो दिन पहले कलेक्टर के स्टेनो रामनरेश शर्मा को भी मधुमक्खियों ने काट लिया था। सुबह जब वह उठे तब उनका चेहरा सूजा हुआ था। दरअसल हुआ यह था कि उनका निवास पुराने उत्कृष्ट विद्यालय के सामने पानी की टंकी के पास है। यहां पर मधुमक्खियों के कई छत्ते लगे हुए है। जब नगरपालिका द्वारा इन छत्तों को हटाया गया था तब मधुमक्खियां उड़ रहीं थी। इसी दौरान जब वह सुबह अपने घर पर उठे तभी किसी मधुमक्खी ने उनको काट लिया। उन्होंने देखा कि उनका चेहरा सूजा हुआ है। यह छत्ते जिला मुख्यालय की कई बिल्डिंगों में लगे हुए है जिनमें जिला पंचायत के साथ अनेक विभाग शामिल है जहां हमेशा मधुमक्खियों के उड़ने का खतरा बना रहता है।