ग्वालियर / पिछले साल फरवरी में आयुक्त नगर निगम बनकर आए संदीप माकिन का तबादला भोपाल कर दिया गया है। शासन ने उन्हें संचालक गैस त्रासदी, राहत एवं पुनर्वास भोपाल बनाया गया है। शासन ने उनकी जगह जबलपुर में पदस्थ अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित को आयुक्त नगर निगम बनाया है। आदेश आने के बाद संभागायुक्त एवं प्रशासक नगर निगम एमबी ओझा ने श्री माकिन को तुरंत रिलीव भी कर दिया है। उनकी जगह अपर कलेक्टर अनूप सिंह को चार्ज दिया गया है। हालांकि नए नगर निगम आयुक्त श्री दीक्षित 20 मार्च को पदभार संभालेंगे। निगम में पहले अपर आयुक्त रह चुके श्री माकिन ने 25 फरवरी 2019 में पदभार संभाला था। इस दौरान उनके तबादले को लेकर चार बार अफवाहें उड़ती रहीं। हालांकि उन्होंने एक बैठक में साफ-साफ कह दिया था कि मार्च तक रहेंगे। सुबह आयुक्त श्री माकिन संभागायुक्त के पास पहुंचे। वहां पर श्री ओझा से निगम के मामलों पर बातचीत कर अधूरे कार्यों, संपत्तिकर और जलकर पर चल रही कार्रवाई से अवगत कराया, फिर नगर निगम में लौटकर आए। यहां पर अधीनस्थ अधिकारियों ने आकर आयुक्त से मुलाकात की। दोपहर में अनूप सिंह को निगम आयुक्त का अतिरिक्त चार्ज दे दिया गया।
संदीप माकिन का तबादला, अब हर्ष दीक्षित होंगे नए नगर निगम आयुक्त